Google Analytics Meta Pixel
Madhya Pradesh

म.प्र. में खेलों के विकास और विस्तार को मिलेगी नई दिशा: मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश में खेल गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। मध्यप्रदेश और अन्य राज्यों के खिलाड़ी ओलिंपिक और एशियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। भारत में आगामी वर्षों में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन होने जा रहा है। उम्मीद है कि भविष्य में ओलिंपिक के भव्य आयोजन का सौभाग्य भी भारत को ही मिलेगा। यदि ऐसा होता है, तो इससे मध्यप्रदेश में भी खेलों के विकास सहित विस्तार गतिविधियों को नई दिशा, नई ऊर्जा मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पर फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत भोपाल के मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम को नई दिल्ली से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की 120वीं जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद हमेशा देश के लिये जिये। वर्ष 1936 में मेजर ध्यानचंद ने ओलिंपिक के एक अहम् मुकाबले में एक के बाद एक तीन गोल दागकर स्टेडियम मे मौजूद सभी दर्शकों को चकित कर दिया था। इस मैच में भारत को विजय मिली थी। तब जर्मन तानाशाह हिटलर ने उनसे पूछा कि आप किस रैंक पर हैं। उन्होंने कहा कि मैं कारपोरल हूं। हिटलर ने उनसे कहा कि मैं आपको सेना में हायर रैंक दूंगा। लेकिन मेजर साहब ने बड़ी विनम्रता से इनकार कर दिया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मेजर ध्यानचंद के इस प्रसंग से हमारे सभी खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलती है कि हम जो भी हों सबसे पहले हम भारतीय हैं और भारत का गौरव बढ़ाने के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर उपस्थित सभी खिलाड़ियों एवं अन्य नागरिकों को ‘फिट इंडिया अभियान’ की शपथ भी दिलाई। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर प्रदेश के हर विकासखंड में विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियां आयोजित की गईं। इसी उपलक्ष्य में मेजर ध्यानचंद हॉकी स्टेडियम भोपाल में मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी और पश्चिमी रेलवे के बीच हॉकी का एक मैत्री मैच भी आयोजित किया गया।

फिटनैस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएं सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी श्री नरेन्द्र मोदी का आहवान है “फिट इंडिया से बनेगा हिट इंडिया।” राष्ट्रीय खेल दिवस पर हमारा लक्ष्य है कि हर आयु वर्ग खेलों से जुड़े और फिटनैस को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि प्रत्येक खिलाड़ी अगले तीन माह में कम से कम 10 लोगों को खेल और फिटनैस से जोड़े। “जब खिलाड़ी खुद प्रेरणा स्रोत बनकर समाज में खेलों को बढ़ावा देंगे, तब यह आंदोलन घर-घर पहुँचेगा और भारत स्वस्थ एवं सक्षम बनेगा।”

पूर्व खिलाड़ियों को किया सम्मानित मंत्री श्री सारंग ने देश को गौरवान्वित करने वाले पूर्व खिलाड़ियों का सम्मान किया। इनमें 1976 ओलिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले ओलिंपियन हॉकी खिलाड़ी श्री मेहबूब खान, 1978 एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य श्री मो. युसुफ, वर्ष 2000 सिडनी ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा रहे श्री समीर दाद, वर्ष 2017 वर्ल्ड रेड स्नूकर चैंपियनशिप के पदक विजेता श्री कमल चावला और वर्ष 2016 रियो ओलंपिक में भाग लेने वाले लोंग जंप खिलाड़ी श्री अंकित शर्मा शामिल थे।

रोमांचक मुकाबले में म.प्र. हॉकी टीम की हुई जीत मैत्री हॉकी मैच में म.प्र. हॉकी अकादमी ने पश्चिम रेलवे को 3-2 से पराजित किया। मैच की शुरुआत में पश्चिम मध्य रेलवे टीम ने बढ़त बनाई। मंच के 8वें मिनट में कप्तान जमीर ने पहला गोल और 12वें मिनट में मो. ताज ने दूसरा गोल दागा। हालांकि इसके बाद मध्यप्रदेश हॉकी अकादमी ने शानदार वापसी की। मैच के 15वें मिनट में कप्तान कुनेन दाद ने पहला गोल दागा, 20वें मिनट में मो. अनस ने बराबरी दिलाई और 29वें मिनट में आदित्य ने निर्णायक तीसरा गोल दागकर अकादमी को रोमांचक जीत दिलाई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button