Google Analytics Meta Pixel
Madhya Pradesh

प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूवर तक मनाया जायेगा “सेवा पखवाड़ा

भोपाल : मुख्य सचिव श्री अनुराग जैन ने मंत्रालय में प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूवर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा में प्रदेश में अनेक गतिविधियाँ आयोजित किये जाने के संबंध में बैठक ली। मुख्य सचिव श्री जैन ने कहा कि सभी विभाग अपनी गतिविधियाँ निर्धारित कर लें। दो कार्यक्रमों का प्रदेश में शुभारंभ होगा। इनमें राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान शामिल है। सभी कार्यक्रम इस तरह किये जायें कि प्रदेश वर्ष 2029 तक देश के औसत से आगे आ सके। नगरीय विकास एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास सेवा पखवाड़ा में स्वच्छता कार्यक्रमों से जनता को जोड़ें। उन्होंने कहा कि खाने के तेल की खपत को 10 प्रतिशत घटाने को अभियान में शामिल किया जाये। मुख्य सचिव श्री जैन ने कहा कि सभी विभाग समन्वय से कार्य करें। किये गये कार्यों का प्रतिवेदन निर्धारित प्रपत्र में भरा जाये। मध्यप्रदेश सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले राज्यों में आता है, इस अनुरूप कार्य किया जाये। आगामी त्यौहारों में कलेक्टर्स जिलों में सावधानियाँ बरतें। दुर्घटना रोकने के पुख्ता इंतजाम किये जायें। झाँकियों के विसर्जन के दौरान हादसे न होने पायें, इसकी सावधानियाँ रखी जायें। बैठक में बताया गया कि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा 17 सितम्बर को प्रदेश में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया जायेगा। प्रदेश के 8 शहरों में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किये जायेंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पुरस्कृत किया जायेगा। महिला एवं बाल विकास द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह का शुभारंभ किया जायेगा एवं मोटापा नियंत्रण कार्यक्रम किया जायेगा। पंचायत एवं ग्रामीण विभाग द्वारा स्वच्छोत्सव अंतर्गत 5 प्रमुख गतिविधियां आयोजित की जायेंगी।

नगरीय विकास विभाग द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी एवं मेलों का आयोजन किया जायेगा। नमो पार्क, नमो उपवन एवं नमो वन का विकास किया जायेगा। दिव्यांग कल्याण शिविर लगाये जायेंगे। पीएम स्वनिधि योजना (पुनर्गठित) का लाभ-हितग्राहियों को दिया जायेगा। जनजातीय विभाग द्वारा आदि कर्मयोगी अभियान चलाकर जन समुदाय की समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान किया जायेगा। ग्राम स्तरीय आदि-कर्मयोगी कार्यशालाएं आयोजित की जायेगी। आदि सेवा केंद्र बनाये जायेंगे। ग्राम विकास योजना बनायी जायेगी। वन विभाग द्वारा 8 लाख पौधों का रोपण किया जायेगा। संस्कृति विभाग द्वारा सेरेमिक आर्ट, संगीत, नाटक पर कार्यशालाएँ आयोजित की जायेंगी। आर्ट वर्क प्रदर्शनी, पेंटिंग प्रतियोगिता एवं विकसित भारत केंद्रित रचना पाठ का भी आयोजन किया जायेगा। बैठक में अपर मुख्य सचिव वन एवं सहकारिता श्री अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव सामान्य प्रशासन श्री संजय कुमार शुक्ल, अपर मुख्य सचिव संस्कृति श्री शिवशेखर शुक्ला, प्रमुख सचिव स्वास्थ्य श्री संदीप यादव, सचिव मुख्यमंत्री श्री आलोक सिंह, आयुक्त जनसम्पर्क श्री दीपक सक्सेना, सचिव महिला एवं बाल विकास श्रीमती जी.व्ही. रश्मि और पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाना उपस्थित थे। सभी कलेक्टर्स कॉन्फ्रेंसिंग से बैठक में शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button